मिर्जापुर। कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर भगवान श्रीकृष्ण पर कथित अमर्यादित टिप्पणी का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे को सौंपकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई।
सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवशंकर सिंह यादव ने कहा कि बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर ने भगवान कृष्ण के स्वरुप, उनकी मुद्रा व वृंदावन के संबंध में अत्यंत आपत्तिजनक व अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया है। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए नहीं तो हम सब कृष्ण भक्त व यादव समाज के लोग चुप नहीं बैठेंगे।
इसके पहले कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाल कर सपा कार्यालय से साइलस तिराहा, कचहरी पेट्रोल पंप होते हुए रमईपट्टी पहुंचे और अमर्यादित टिप्पणी का विरोध किया। इस अवसर पर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष यादव, रोहित शुक्ला लल्लू, सोकिम अहमद, कन्हैया लाल, लालबहादुर यादव, हरिशंकर यादव आदि थे।