इमलियांचट्टी। क्षेत्र के सोनबरसा स्थित पेट्रोल पंप के पास सोमवार की शाम को तेज रफ्तार ट्रक ने अनियंत्रित होकर बाइक सवार को रौंद दिया। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी से प्राप्त कागजात के आधार पर युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक सहित ट्रक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र के परसुपुर निवासी 29 वर्षीय अनिल मौर्य पुत्र श्यामलाल मौर्या अपनी बाइक से अहरौरा गया था। लौटते समय जैसे ही सोनबरसा स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा कि तभी अनियंत्रित ट्रक ने उसे रौंद दिया। ट्रक से कुचलकर घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को घटना की जानकारी दिया। देर शाम तक परिजन घटनास्थल पर नहीं पहुंच सके है। ट्रक से कुचल जाने से युवक का चेहरा पहचान में नहीं आ पा रहा था। उसके पास मिले कागजात के आधार पर पुलिस ने उसके परिजनो को सूचना दिया। चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि परिजनों का इंतजार शिनाख्त के लिए किया जा रहा है। दुर्घटना में शामिल ट्रक की तलाश कराकर पकड़ लिया गया है। ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है।