जिगना के मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर शनिवार की देर रात बालू लदे ट्रैक्टर व बाइक की टक्कर में दो लोग घायल हो गए। एक की मंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि दूसरे घायल का इलाज चल रहा है।
प्रयागराज जनपद स्थित मांडा थाना क्षेत्र के खपरकुचवा गांव का मूल निवासी विकास उर्फ चौधरी बिंद पुत्र विनोद कुमार थाना जिगना के ग्राम जुड़ावनपुर स्थित ननिहाल में रहता है। शनिवार की देर शाम वह अपने पड़ोसी रामबाबू बिंद के साथ गैपुरा के पियरीभीट ट्रेन का टिकट कराने गया गया था। वहां से देर रात वापस आते समय विन्ध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव के समीप सामने से आ रही ट्रैक्टर से टकरा गए। इसमें घायल बाइक सवार विकास उर्फ चौधरी (22) व रामबाबू (21) गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस ने मंडलीय अस्पताल भेजवाया जहां विकास उर्फ चौधरी की देर रात मौत हो गई। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। गैपुरा पुलिस ने ट्रैक्टर व बाइक को कब्जे में ले लिया है।