मिर्जापुर। जनपद में तीन ग्राम प्रधान और दो क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए पड़े मतों की गणना बुधवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। विकास खंड छानबे के पियरी भीट से जय देवी, बरी दूबे से साजिदा उर्फ रंजीता तथा जमालपुर के भभौरा से बिहारी बियार प्रधान निर्वाचित हुए। चुने गए प्रधानों को निर्वाचन अधिकारी ने प्रमाण पत्र दिया।
छानबे संवाददाता के अनुसार मतगणना के दौरान ग्राम पंचायत पियरीभीट के ग्राम प्रधान पद पर जय देवी पत्नी राम लौटन विजयी रहीं। उन्होंने 648 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कुंती देवी को 281 मतों से पराजित किया। तीसरी प्रत्याशी प्रमिला देवी को मात्र 88 मत मिले। चुनाव में कुंती देवी को 367 मत मिले जबकि आठ मत अवैध घोषित किए गए।
ग्राम पंचायत बरीदूबे में ग्राम प्रधान पद पर साजिदा उर्फ रंजीता ने 255 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बिट्टन देवी को 69 मतों से पराजित किया। बरीदूबे में कुल छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इसमें ढुलरी देवी को 71, मालती को 13, रीता को 17 तथा चंद्रावती को दस मत मिले। मतगणना में पांच मत अवैध घोषित किया गया।
मतगणना समाप्ति के पश्चात निर्वाचन अधिकारी बीएसए डा. पारस नाथ तथा जोनल मजिस्ट्रेट एसडीएम लालगंज ब्रह्मदेव यादव ने नवनिर्वाचित दोनों ग्राम प्रधानों जय देवी व साजिदा देवी उर्फ रंजीता देवी को जीत का प्रमाण पत्र दिया। इस दौरान बीडीओ दिलीप कुमार सोनकर, एआरओ अनिल कुमार शुक्ल, एडीओ पंचायत रमेश चंद्र उपाध्याय, सीओ लालगंज अनिल कुमार श्रीवास्तव, एसओ जिगना पीपी शुक्ला आदि मौजूद रहे। मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन सेक्शन पीएसी, थाना जिगना, विंध्याचल एवं गैपुरा चौकी की फोर्स लगाई गई थी।
जमालपुर संवाददाता के अनुसार ग्राम पंचायत भभौरा के प्रधान पद के लिए सोमवार को हुए उप चुनाव के बाद बुधवार को हुई मतगणना में कुल 1261 मत पड़े थे। इसमें से विजयी प्रत्याशी बिहारी बियार को 469 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी व मृतक प्रधान की पत्नी मनोरमा देवी को 443 मत ही मिले। मतगणना में बिहारी बियार 26 मतों से विजयी रहे। उप चुनाव में कुल पांच प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें चंद्रमा प्रसाद को 48 मत, पूर्व प्रधान लालजी को 27, विमलेश सिंह को 262 मत मिले। कुल वैध मतों की संख्या 1249 थी जबकि 12 मत अवैध मिले। निर्वाचन अधिकारी पंकज राणा ने विजयी उम्मीदवार बिहारी बियार को जीत का प्रमाण पत्र दिया। इस अवसर पर एसडीएम चुनार डा. विश्राम, तहसीलदार मनोज कुमार राय के साथ सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे।