मड़िहान। दारानगर गांव निवासी गौतम दूबे की 32 वर्षीय पत्नी प्रमिला देवी की संदिग्ध हाल में मंगलवार की देर रात क्षेत्र के निजी चिकित्सालय में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दारानगर गांव निवासी गौतम दूबे की पत्नी प्रमिला की मंगलवार को अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन उसको लेकर पास के निजी चिकित्सालय में पहुंचे। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पति की सूचना पर देर रात विवाहिता के पिता बच्चन चौबे निवासी सेमरा थाना घोरावल जनपद सोनभद्र पहुंचे। बेटी की मौत की खबर पाकर पिता तत्काल थाने पहुंचा और ससुरालियाें पर जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। तहरीर में पिता ने पुलिस को बताया है कि दामाद का किसी से अवैध संबंध है। इसी के चलते उसकी पुत्री व दामाद में आए दिन विवाद होता था। दूसरी ओर पति ने कहा कि वह नोयडा में नौकरी करता है। उसे अक्सर बाहर रहना पड़ता है। शादी के पंद्रह वर्ष बीत जाने के बाद भी उसको एक भी संतान नहीं है। इसलिए उसकी पत्नी ने भी किसी से संबंध बना लिए थे। इसका विरोध करने पर वह आए दिन विवाद करती थी। इस बारे में थानाध्यक्ष मड़िहान अंजनी कुमार मिश्रा ने कहा कि तहरीर के अधार पर मामले की जांच की जा रही है।