चुनार। दो दिन पहले सिद्धनाथ की दरी जलप्रपात पर मिली अज्ञात युवती की लाश की सोमवार को शिनाख्त हो गई है। मूल रूप से बलिया निवासी युवती के पिता सोनभद्र बीजपुर में ठेकेदार हैं। युवती उन्हीं के साथ रहकर ग्यारहवीं कक्षा में पढ़ाई कर रही थी। युवती के अंर्तवस्त्र में मिले सिम से पुलिस उसके घरवालों तक पहुंच पाई। शव की शिनाख्त श्वेता सिंह के रूप में हो जाने के बाद पुलिस अब उसके हत्यारों तक पहुंचने में लगी है।
पुलिस की सूचना पर कोतवाली चुनार पहुंचे लल्लन सिंह ने मृतका की शिनाख्त अपनी पुत्री श्वेता सिंह उम्र 18 वर्ष के रूप में की। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री बीजपुर में ही रहकर कक्षा11 में पढ़ रही थी। दीपावली के दूसरे दिन सायंकाल वह घर से बाहर गई थी और तभी से लापता थी। युवती की शिनाख्त के पश्चात परिजनों से हुई पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारियां प्राप्त हुई हैं। चुनार कोतवाल अखिलेश सिंह ने दावा किया है कि वह जल्द ही हत्याराें तक पहुंच जाएंगे। पुलिस ने श्वेता का शव उसके पिता को सौंप दिया।
बता दें कि शनिवार सत्रह नवंबर को सिद्धनाथ की दरी में एक अज्ञात युवती की लाश पुलिस को मिली थी। उसके अंदरूनी कपड़ों में एक सिमकार्ड मिला था। पुलिस का अनुमान था कि मृतका ने अपनी जान जोखिम में देख मोबाइल में मौजूद सिमकार्ड निकाल कर उसे अपने कपड़ों में छिपा लिया था। सिम में दर्ज नंबरों के सहारे पुलिस उसके परिजनों तक पहुंच ही गई। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के साथ दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि नहीं हुई। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रंपच का सामने आ रहा है। परिजनाें से मिली जानकारी भी काफी अहम है, जिसके आधार पर वह जल्द ही हत्यारों को अपनी गिरफ्त में ले लेगी।