विंध्याचल (संवाददाता)। मेला की समाप्ति होते ही पुलिस अधीक्षक ने यू टर्न लेते हुए पुलिस के साथ मारपीट करने वाले पंडों के खिलाफ सख्त कदम उठाया। इसके तहत मंगलवार की रात उनके निर्देश पर विंध्याचल कोतवाली पुलिस ने एक नामजद समेत एक दर्जन अज्ञात तीर्थ पुरोहितों के खिलाफ मंदिर परिसर में ड्यूटी के दौरान दारोगा और सिपाहियों के साथ मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया है। गौरतलब है कि सोमवार को तड़के दर्शन कराने को लेकर पुलिस और पंडों के बीच मारपीट हो गई जिसमें दोनों तरफ से लोग घायल हुए। घटना के बाद इस तरह की कोई कार्रवाई न करने की मांग को लेकर पंडा समाज के लोग मंदिर परिसर में ही धरने पर बैठ गए थे। उस समय एसपी ने बड़े ही चालाकी पूर्वक आश्वासन देकर उनका धरना समाप्त करा दिया था। मंगलवार को मेला समाप्त होते ही उन्होंने प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश विंध्याचल कोतवाली को दिया।