मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के अमरावती पर बने कांशीराम आवास में शुक्रवार की सुबह एक महिला ने प्रेमी से झगड़े के बाद अबूझहाल में जहरीला पदार्थ खा लिया। जानकारी होने पर साथी युवक ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसके पति का नाम चढ़वा दिया। कुछ देर बाद उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। स्वास्थ्य कर्मी ने उसके शव को शव गृह में रखवा दिया। कुछ ही देर बाद प्रेमी शव को लेकर गायब हो गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बुंदेल खंडी निवासी रामदुलार केशरवानी की 28 वर्षीय पुत्री सोनी पिछले कुछ वर्षों से पति से विवाद के बाद अपने मायके में रहती है। इसी बीच उसका प्रेम संबंध सबरी निवासी एक युवक से हो गया। इसके बाद युवती अपनी मां के नाम पर मिले आवास में कभी-कभी रहने के लिए जाया करती थी। ज्यादातर वह बुंदेलखंड मोहल्ले में स्थित अपने मायके में ही रहती थी। परिजनाें के मुताबिक विंध्याचल थाना क्षेत्र के अमरावती इलाके में स्थित कांशीराम आवास के 20 नंबर कमरा रामदुलार की पत्नी पार्वती के नाम पर एलाट है। जिसमें शुक्रवार की शाम को युवक ने सोनी को मिलने के लिए बुलाया था। वहीं पर दोनाें के बीच कुछ विवाद हुआ और उसी से क्षुब्ध होकर युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। अचेत होने पर युवक उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचा जहां सोनी को भर्ती कराने के बाद वह गायब हो गया। परिजनाें के मुताबिक जब सोनी की मौत हो गई तो स्वास्थ्य कर्मियाें ने उसके शव को ले जाकर शवगृह में रखवा दिया। युवती के शव को युवक ने बगैर किसी को सूचना दिए उसके मायके पहुंचा दिया। परिजन सोनी के शव को कटरा कोतवाली लेकर चले गए जहां पर कोतवाल शफीक अहमद ने बताया कि यह मामला बुंदेलखंडी और अस्पताल का है। इसलिए शव को शहर कोतवाली में ले जाएं। पुलिस की बात सुनने के बाद परिजन शव को शहर कोतवाली ले गए जहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि पीएम रिपोर्ट के बाद यह पता चल सकेगा कि महिला की मौत जहर से हुई है या उसे किसी ने मारकर जहर दिया है।
प्रभारी कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।