मिर्जापुर। नगर के प्रमुख गुटखा व्यवसायी लल्लू प्रसाद जायसवाल के 13 वर्षीय पौत्र को शुक्रवार की सुबह फिर अगवा करने का प्रयास किया गया। बाइक सवार बदमाशों ने बल्ली का अड्डा स्थित प्ले वे स्कूल से बालक को उठाने की कोशिश की, लेकिन उसके शोर मचाने पर वे भाग निकले। घटना के संबंध में सीओ सिटी डा. अशोक राय का कहना है कि उन्हें मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है।
लल्लू प्रसाद ने अपने बड़े बेटे राजू जायसवाल के पुत्र प्रांजल को अगवा करने की कोशिश पर दो व्यक्तियों को नामजद करते हुए शहर कोतवाली में तहरीर दे रखी है। राजू के भाई प्रभात जायसवाल का कहना है कि प्रांजल का 24 सितंबर को घंटाघर ओलियरघाट मार्ग से अपहरण कर लिया गया था। बदमाश बच्चे को वैन में बैठाकर रेलवे स्टेशन ले गए थे। वहां से वह भाग निकला और मुगलसराय की तरफ जाने को तैयार जनता एक्सप्रेस ट्रेन में बैठ गया। फिर ट्रेन में ही किसी के मोबाइल से पापा (लल्लू प्रसाद) को सारी बात बताई। पापा की सूचना पर शहर कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने वायरलेस से जीआरपी चुनार को खबर की। जीआरपी चुनार ने ट्रेन पहुंचने पर बच्चे को बोगी से उतार कर चुनार पुलिस को सुपुर्द किया। उस रात प्रांजल को करीब एक बजे घर लाया गया। इसके बाद 26 सितंबर को स्कूल की छुट्टी होने के बाद बालक को वैन से बाइक सवार दो युवकों ने उठाने की कोशिश की। प्रांजल के मुताबिक एक को वह पहचान रहा था। वह 24 तारीख को भी बदमाशों के साथ था। बच्चे के बयान पर लल्लू प्रसाद ने शहर कोतवाली में कच्ची सड़क व बुंदेलखंडी निवासी दो युवकों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने दोनों युवकों को कोतवाली में बुलाया और प्रांजल से शिनाख्त कराई। बच्चे ने एक को पहचाना भी।
लेकिन पुलिस ने दोनों को बेकसूर बताया। शुक्रवार को प्रांजल को स्कूल से उस समय अगवा करने का प्रयास किया गया जब वह प्रार्थना के बाद क्लास रूम में जा रहा था। स्कूल गेट पर बाइक लेकर खड़े दो अनजान लोग उसे पास बुला रहे थे। उन्हें नजरअंदाज करने पर उन लोगों ने तमंचा दिखाकर धमकाया। बच्चे के शोर मचाने पर प्रिंसिपल व टीचर्स गेट की तरफ बढ़ीं तो बदमाश बाइक स्टार्ट कर भाग गए। इसकी सूचना पर पुलिस ने पहुंच कर छानबीन की।