मिर्जापुर। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर नगर के लोंहदी स्थित एसएन पब्लिक स्कूल एंड हास्टल में बुद्ध जयंती महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने भगवान गौतम बुद्ध के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। कहा गया कि गौतम बुद्ध ने दुनिया को मानवता का पाठ पढ़ाया तथा विश्व शांति के लिए उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि इस धरती पर महात्मा बुद्ध का अवतार मानव जाति के कल्याण के लिए हुआ था। बुद्ध ने ईसा पूर्व छठी शताब्दी में सैकड़ों साल से व्याप्त अंधविश्वास, रुढि़यों, आडंबरों एवं कर्मकांडों में फंसे लोगों को मुक्ति दिलाने का मार्ग प्रशस्त कर दुनिया को शांति का संदेश दिया। यही कारण है कि गौतम बुद्ध के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। स्कूल की निदेशिका संध्या सिंह ने कहा कि गौतम बुद्ध का जन्म भले ही लुंबिनी में हुआ था, लेकिन उनके विचार दुनियां के चालीस देशों में आज भी पुष्पित व पल्लवित हो रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों ने भगवान बुद्ध द्वारा सारनाथ में पांच शिष्यों को दिए गए प्रथम उपदेश का मंचन किया तो पूरे वातावरण में बुद्धं शरणम् गच्छामि, धम्मं शरणम् गच्छामि, संघं शरणम् गच्छामि..से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया। इस दौरान तत्सत् तिवारी, प्रदीप गुप्त, अनुपम गिरी, गोविंद चौरसिया सहित हास्टल के छात्र उपस्थित रहे।