मिर्जापुर। सरकार की वादा खिलाफी पर शनिवार को शिक्षक सड़क पर उतरे। शिक्षकों ने मशाल जुलूस निकाल कर विरोध जताया। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
मंडलीय मंत्री केदारनाथ दूबे ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 23 दिसंबर 2013 को शिक्षक प्रतिनिधियों से वार्ता के दौरान समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया था। 11 माह बीतने के बाद भी किसी समस्या का समाधान नहीं किया गया। वहीं तदर्थ शिक्षक विनियमितीकरण नहीं होने से भविष्य को लेकर डरे हुए हैं। इसी प्रकार सीटी संवर्ग के शिक्षकों का एलटी संवर्ग में संविलियन तो हो गया लेकिन पूर्ण सेवाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। जिससे शिक्षकों में आक्रोश व्याप्त है। जिला उपाध्यक्ष डा. रमाशंकर शुक्ला ने अप्रैल 2005 से नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन लागू करने की मांग की। जिला मंत्री गण्ेाश प्रसाद ने कंप्यूटर और व्यावसायिक शिक्षकों को राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत शिक्षक बनाने की मांग की। साथ ही वित्तविहीन शिक्षकाें को पूर्णकालिक शिक्षक का दर्जा देने की भी मांग की। सभा का संचालन जिला उपाध्यक्ष अभय गोविंद प्रसाद तथा अध्यक्षता राधाशरण सिंह ने की। धरना प्रदर्शन के दौरान हीरालाल मिश्रा, जीतेंद्र सिंह, अखिलेश सिंह, विष्णु प्रसाद, रामसागर यादव आदि रहे।