मिर्जापुर। सीबीएसई नेशनल हैंडबाल टूर्नामेंट के तीसरे दिन बालक/बालिका खिलाड़ियाें ने दमदार प्रदर्शन से अपनी-अपनी टीम को विजयी बनाया। टूर्नामेंट में देश के कोने-कोने से आई 37 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। शुक्रवार को प्रात:काल नौ से सायंकाल पांच बजे तक बालक/बालिका के 26 मैच हुए।
शुक्रवार तीसरे दिन का पहला मैच बीएसएफ टेकनपुर ग्वालियर और पुलिस डीएवी पटियाला के बीच हुआ। डीएवी पटियाला की टीम ताबड़-तोड़ गोल करने लगी। आधे समय तक उसने दस गोल कर डाले जबकि विपक्षी टीम तीन गोल ही कर पाई। डीएवी विपक्षी टीम पर हमलावर रुख अपनाए हुई थी। टीम के रघुविंदर सिंह ने पांच गोल, अमरजीत और नवनीत ने तीन-तीन गोल तथा गुरप्रीत और गुरुसरन ने एक-एक गोल किए। मैच के अंत तक डीएवी ने कुल 13 गोल किए जबकि बीएसएफ स्कूल ग्वालियर की टीम महज चार गोल ही कर पाई। टूर्नामेंट के दौरान शाह सतनामी जी ब्वायज स्कूल सिरसा तीसरे दिन के मैच में भी विजयी रही। अंडर-19 बालक वर्ग पुल ए में दूसरा मैच शाह सतनाम जी ब्वायज स्कूल सिरसा, हरियाणा और राइसमाथा गोंडापल्ली माडल स्कूल तमिलनाडू के बीच खेला गया। शाह सतनाम जी की टीम विपक्षी टीम को किसी भी तरह गोल करने से रोके रही। जबकि वह धड़ाधड़ गोल कर रही थी। आधे समय तक इनका स्कोर 14-4 रहा। शाह सतनाम जी टीम के शुभम ने आठ, राहुल ने आठ, विवेक ने छह, अमित व अनिल ने दो-दो तथा हरप्रीत ने एक-एक गोल कर कुल 14 गोल किए, जबकि विपक्षी टीम महज चार गोल ही कर सकी। विद्यालय के डायरेक्टर अमरदीप सिंह व अपराजिता सिंह भ्रमण कर निगरानी करते रहे।