मडि़हान। पटेहरा विकास खंड के कोटवां मझवानी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिका रजिस्टर पर हस्ताक्षर करने के विवाद में भीड़ गईं। इस दौरान छीना झपटी में रजिस्टर फट गया। रजिस्टर फटने की तहरीर आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने बरकछा चौकी को दे दी है।
कोटवां मझवानी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन किया जाता है। सोमवार की सुबह 10 बजे आंगनबाड़ी कार्यकत्री इंदू देवी केंद्र पर पहुंच गई। एक घंटे बाद केंद्र पर सहायिका कलावती भी पहुंची। कलावती ने हस्ताक्षर करने के लिए उपस्थिति रजिस्टर की मांग की। इंदू देवी ने रजिस्टर देने से मना कर दिया। कहा कि आपकी लेट आने की सूचना सीडीपीओ को दे दी है। सीडीपीओ ने आपको अनुपस्थिति करने का निर्देश दिया है। इतना सुनते ही कलावती क्रोध में आ गई। इंदू देवी से उपस्थिति रजिस्टर छीनने लगी। छीना-झपटी में रजिस्टर फट गया। इंदू देवी ने रजिस्टर फटने की तहरीर बरकछा चौकी को दी। इस संबध में चौकी इंचार्ज राजाराम यादव ने बताया कि मामले की जांच कर रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को भेज दी जाएगी।