मिर्जापुर। जनपद के शिक्षित बेरोजगारों को अब अपना पंजीयन कराने के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। ई-गवर्नेंस योजना के तहत जनपद के 12 ब्लाकों में स्थित 222 सहज जन-सेवा केंद्रों से अब शिक्षित बेरोजगारों के पंजीयन के साथ ही उनका नवीनीकरण हो सकता है।
नगर के अनगढ़ रोड स्थित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय से जनपद के 28 हजार शिक्षित बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता प्राप्त हो रहा है। 31 अगस्त 2012 से पंजीकृत सभी शिक्षित बेरोजगाराें के बैंक खाते में तिमाही तीन हजार रुपये भेजा जाता है। सहज जन सेवा केंद्रों पर पंजीयन कराने के लिए अभ्यर्थियों को एक पासपोर्ट साइज के फोटो सहित समस्त शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण पत्र की मूल प्रति को स्कैन कराना आवश्यक है। सहज जन सेवा केंद्र में आठ विभागों के 26 शासकीय सेवाओं से संबंधित कार्य किए जाते हैं, जिसमें अब ई-गवर्नेंस योजना के तहत शिक्षित बेरोजगाराें के पंजीयन व नवीनीकरण को भी शामिल किया गया है। अभ्यर्थियों को अब जिला मुख्यालय स्थित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, जिससे उनके समय के साथ ही मार्ग व्यय की भी बचत होगी। विगत 31 अगस्त वर्ष 2012 में जो शिक्षित बेरोजगार कार्यालय से अपना पंजीयन कराए हैं, उन्हीं को बेरोजगारी भत्ता दिया जा रहा है। 31 अगस्त 2012 के बाद से 10 दिसंबर के बीच करीब 30 हजार शिक्षित बेरोजगाराें ने अपना पंजीयन क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय से कराया है। इस कार्यालय में पंजीकृत शिक्षित बेरोजगारों की संख्या 80 हजार से अधिक है।
इनसेट
क्षेत्रीय कार्यालय में आए बिना करा सकते हैं पंजीयन
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में बिना उपस्थित हुए सहज जन सेवा केंद्राें के माध्यम से ई-गवर्नेंस योजना के तहत कोई भी अभ्यर्थी अपना पंजीयन सेवा योजन कार्यालय में आनलाइन करा सकता है। इससे शिक्षित बेरोजगारों को अनावश्यक रुप से जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा।- रवि शेखर आनंद सहायक निदेशक सेवायोजन