मिर्जापुर। क्राइम ब्रांच और जमालपुर पुलिस ने जिवनाथपुर रेलवे क्रासिंग टेगरा मोड़ के पास मंगलवार की दोपहर अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियाें के पास से चोरी की नौ बाइक तथा 315 बोर का एक तमंचा और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। उक्त जानकारी पुलिस अधीक्षक बलिकरन सिंह यादव ने बुधवार को अपने दफ्तर में पत्रकाराें से वार्ता के दौरान दी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कई माह से जनपद तथा सीमावर्ती जनपदाें से वाहन चोरी की सूचना मिल रही थी। गिरोह के सदस्याें को गिरफ्तार करने तथा चोरी हुए वाहनाें को बरामद करने के लिए एडिशनल एसपी नगर अजय सिंह व सीओ क्राइम ब्रांच को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मंगलवार को जमालपुर थानाध्यक्ष अरविंद यादव फोर्स के साथ वाहनाें की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच क्राइम ब्रांच के प्रभारी विनोद यादव को सूचना मिली कि चोरी की बाइक पर सवार अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्य मिर्जापुर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही विनोद यादव अपने साथियाें के साथ जिवनाथपुर रेलवे क्रासिंग टेगरा मोड़ के पास पहुंचे। दोनाें प्रभारियाें ने चेकिंग के दौरान दो आरोपियाें को पल्सर बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी कराने पर अश्वनी पांडेय पुत्र राजेंद्र पांडेय निवासी दुगौली थाना जिगना के पास से 315 बोर का एक तमंचा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं दूसरे आरोपी नीरज तिवारी पुत्र स्व. हरिशंकर तिवारी विशुनपुरा थाना मड़िहान के पास से भी दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में बताया कि वह लोग मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, चंदौली व इलाहाबाद से आठ बाइक चुराए हैं। जिसको रेलवे स्टेशन स्थित स्टैंड में रखा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्टैंड से सभी वाहनाें को बरामद कर लिया। साथ ही बताया कि चुराए हुए वाहनाें का नंबर प्लेट बदल कर ग्राहकाें को बेंच देते है।