मिर्जापुर। ‘हमारी बेटी उसका कल’ योजना जिले में विभागीय लापरवाही के कारण परवान नहीं चढ़ पा रही है। हालत यह है कि तिथि बीतने के बाद भी अभी तक आवेदन पत्रों का सत्यापन नहीं हो सका है। जबकि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ देने के लिए महज साढे़ तीन माह ही शेष बचे हैं। साथ ही लाभार्थियों के लिए शासन से धनराशि भी विभाग के पास आ चुकी है।
प्रदेश सरकार की ओर से अल्पसंख्यक परिवार की कक्षा 10 पास बेटियों के आगे की पढ़ाई करने या उनकी शादी करने के लिए हमारी बेटी उसका कल योजना के तहत अनुदान देती है। इसके तहत लाभार्थी को 30 हजार रुपये (अब 20 हजार रुपये) का अनुदान दिया जाता है। जिसके लिए उन लड़कियों का चयन किया जाता है जिसके अभिभावक की वार्षिक आय 36,000 रुपये से कम होगी। योजनांतर्गत चालू वित्तीय वर्ष में 1,909 लाभार्थियों के आवेदन पत्र 25 सितंबर तक विभाग के पास आ चुके थे। इन आवेदन पत्रों की जांच विभाग द्वारा 30 नवंबर तक पूरी कर लेनी थी। इसके लिए जिले में 3,23,10,000 रुपये भी शासन से आ चुका है। लेकिन विभाग की उदासीनता का आलम यह है कि अभी तक आवेदन फार्म का सत्यापन नहीं हो सका है। जबकि लाभार्थियों को योजना से लाभान्वित करने के लिए महज साढ़े तीन माह ही शेष बचे हैं।