अहरौरा। नक्सलियों की धमक ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। नक्सलियों की सूचना मिलते ही पूरा इलाका सकते में आ गया है। उनके विरुद्ध दमनात्मक कार्रवाई के लिए एडीजी/आईजी जोन वाराणसी ने त्वरित कार्रवाई दल को कांबिंग में लगा दिया है। अहरौरा पुलिस के साथ क्यूआरटी और पीएसी के जवानों ने सघन वन क्षेत्रों के बार्डर इलाकों में कांबिंग की तथा नक्सलियों की सूचना को भी संकलित किया। कांबिंग का कोई ठोस नतीजा तो नहीं निकला, बल्कि फोर्स ठंड में पसीने-पसीने हो गई।
बता दें कि सोनभद्र के सुकृत बार्डर इलाके में नक्सलियों के आने की सुगबुगाहट हुई थी। जिसने एडीजी/आईजी जोन वाराणसी सहित मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली पुलिस की नींद उड़ा दी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अंतरजनपदीय सीमाएं पुलिस ने खंगालनी शुरू कर दी। बार्डर पर तीनों जनपदों की पुलिस ने गलबहियां की और जंगलों को खंगालते हुए बैरंग वापस हो गए। बता दें कि एक पखवारे से नक्सलियों के आने की सूचना लगातार चर्चा में आ रही है। गुरुवार को पत्थर मजदूर से नक्सलियों की मुलाकात होने से पुलिस बेचैन हो उठी। शनिवार को एडीजी/आईजी जोन के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई बल की रिजर्व फोर्स अहरौरा पहुंची। फोर्स ने सोनभद्र के बार्डर इलाकों, सुकृत बार्डर, खप्पर बाबा आश्रम, बैजू बाबा कुटिया, सक्तेशगढ़ बार्डर तथा वन क्षेत्रों में जबरदस्त कांबिंग की, परंतु पुलिस के हाथ कोई भी सुराग नहीं लगा।