मिर्जापुर। पीडब्ल्यूडी की ओर से भटौली घाट पर बनाए जा रहे पीपा पुल का रस्सा टूटने से दो मजदूर गंगा में बह गए। जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद अन्य मजदूराें ने तत्काल पानी में उतर कर एक मजदूर को बाहर निकाल लिया। जबकि दूसरे का पता नहीं चल सका। हादसा होते ही विभाग और ठेकेदार के कर्मी मौके से भाग निकले। उधर, सूचना पर पहुंचे आसपास के लोगाें ने दोनाें मजदूराें को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी कछवां क्षेत्र से होकर गुजरने वाली गंगा नदी के भटौली घाट पर पीपा पुल का निर्माण कराया जा रहा था। पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार के कर्मियाें द्वारा आधे पीपे का निर्माण कर लिया गया है। मंगलवार की पूर्वाह्न करीब 11 बजे 40 मजदूर पीपा पुल का निर्माण कर रहे थे। पीपा को एक दूसरे से जोड़ने के लिए 20-20 की दो टोली में मजदूर गंगा किनारे खड़े होकर उन्हें रस्से से खींच रहे थे। इसी बीच एक रस्सा टूट गया जिसके झटके से दो मजदूर रमेश कुमार (26) तथा मुन्ना निवासी भटौली घाट गंगा में गिर पड़े। वहीं सालिक राम (60) निवासी भटौली पीपा की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मुन्ना व रमेश को पानी में गिरते देख अन्य मजदूर तत्काल पानी में उतर कर उनकी खोजबीन करने लगे। मजदूराें ने मुन्ना को तो बचा लिया लेकिन रमेश का कहीं पता नहीं चल सका। दोनाें मजदूराें को आनन फानन में जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां मुन्ना की स्थिति नाजुक बनी हुई है।