चुनार। गुरु पूर्णिमा पर सक्तेशगढ़ स्थित श्री परमहंस आश्रम में लाखों शीश स्वामी अड़गड़ानंद महाराज जी के चरणों में श्रद्धा से झुके। इस दौरान स्वामी जी का दर्शन पाने के लिए क्या छोटे क्या बड़े सभी में होड़ लगी रही। दर्शन के बाद भक्तों ने आश्रम में आयोजित विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
गुरु पूर्णिमा पर भक्तों की भारी भीड़ इलाके के सक्तेशगढ़ स्थित श्री परमहंस आश्रम की ओर उमड़ पड़ी। लाखों भक्ताें का रेला ओम गुरुवे नम: का जयकारा लगाते हुए परमहंस स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज के चरणों की धूल व आशीर्वाद लेने के लिए डटी रही। देश के कोने-कोने से आए करीब पांच लाख भक्तों ने गुरुदेव स्वामी अड़गड़ानंद महाराज जी की चरण धूलि को अपने माथे से लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। स्वामी जी उन्हें हाथ उठाकर आशीर्वाद दे रहे थे। आश्रम में रविवार से ही भक्ताें के आने का क्रम शुरू हो गया था। परिसर में भक्तों के विश्राम के लिए बनाए गए कमरों में बाहर से आने वाले सैकड़ों भक्त अपने परिवार के साथ डेरा डाले रहे। गुरु पूर्णिमा पर प्रात:काल से ही चुनार, मड़िहान, राजगढ़ से आश्रम की ओर जाने वाली सड़कों पर चहुंओर नर-नारी ही नजर आ रहे थे। आश्रम में नई दिल्ली, मुंबई, बिहार, कोलकाता, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात के अलावा देश के अन्य हिस्साें से आए करीब पांच लाख भक्तों ने अपने गुरुदेव का दर्शन कर निहाल हुए। आश्रम की ओर से आने वाले सभी भक्तों के लिए प्रसाद व पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा था। आश्रम के कर्ताधर्ता वरिष्ठ संत नारद जी महाराज ने बताया कि गुरु पूर्णिमा पर भक्ताें के प्रसाद व विश्राम की व्यवस्था आश्रम की ओर से की गई थी। आश्रम परिसर में विभिन्न स्थानों पर वरिष्ठ संत बच्चा महाराज, ब्रजानंद महाराज, चरणानंद महाराज, निर्मल महाराज, बिल्लू महाराज ने भक्तों के साथ सत्संग करते नजर आए। भक्तों की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए जिले अथवा स्थानीय पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारी एवं सैकड़ों की संख्या पुलिस कर्मी, पीएसी, महिला आरक्षी, फायर ब्रिगेड, यातायात पुलिस ड्यूटी पर मुस्तैद नजर आए।