मिर्जापुर। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत नगर के पक्का घाट पर जन जागरण अभियान के तहत शनिवार की शाम को रंगोली, गीत और संकल्प समारोह का आयोजन किया गया। विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने रंगोली बनाई और मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए गीत प्रस्तुत किए। जिला विकास अधिकारी ने लोगों को 19 मई को मतदान करने और कराने का संकल्प दिलाया।
नगर के पक्का घाट पर विंध्य हेरिटेज फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों ने ओम नम: शिवाय गीत से किया। गंगा नदी के तट पर आयोजित कार्यक्रम में सेंट जोसेफ विद्यालय के बच्चों ने गीतों की प्रस्तुति की। कार्यक्रम संयोजक अजिता श्रीवास्तव ने रघुपति राघव राजाराम, 19 मई को करिए मतदान गीत के माध्यम से लोगों को जगाने और बूथ तक जाने के लिए प्रेरित किया । इसके बाद जिला विकास अधिकारी अजितेंद्र नारायण मिश्र ने बड़ों को मतदान करने तो बच्चों को अपने माता पिता और परिचितों को मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प कराया। कार्यक्रम का समापन दैनिक गंगा आरती से की गयी । यजमान के रूप में जिला विकास अधिकारी ने सपत्नीक माँ गंगा की आराधना और आरती किया। नितिन अवस्थी, कमलेश एवं आदित्य मिश्र के वेद मंत्रों की ध्वनि के बीच जुटे भक्तों ने जयकारा लगाते हुए मां गंगा को नमन किया। अमरेश मिश्र, विभूति मिश्र, ज्वाला सिंह आदि ने विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम में आलोक मिश्र, प्रवीण कुमार, राजेंद्र प्रसाद उर्फ लल्लू तिवारी, संगीता व्यास, अनिल राव, सुनीता मिश्रा, तन्वी, अलंकृता अवस्थी थे। संचालन मीनू मिश्रा ने किया।