मिर्जापुर। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर गुरुवार को जिले भर के शिक्षण संस्थानों में विविध आयोजन हुए। इसमें विज्ञान प्रदर्शनी और प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों ने अपनी मेधा का प्रदर्शन किया। अंत में बेहतर प्रदर्शन करते वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। जिला विज्ञान क्लब की ओर से शिवाला महंत स्थित सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि चंद्रमा प्रसाद ओझा, गुलाब चंद तिवारी ने किया। जिला समन्वयक सुशील कुमार पांडेय ने कहा कि 28 फरवरी 1928 को चंद्रशेखर वेंकट रमन ने रमन प्रभाव की खोज की थी, जिसकी याद में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। आचार्य शिव राम शर्मा ने योग के माध्यम से स्वस्थ रहने के गुर सिखाए और योगासनों का अभ्यास कराया। समापन सत्र में विज्ञान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 1000 का पुरस्कार प्रदान किया गया। शेष प्रतिभागियों स्कूल बैग, जेमेट्री बॉक्स, पानी की बोतल व टिफिन देकर पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर जल संरक्षण स्वास्थ्य पर लगाई गई प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र थी। मुख्य अतिथि ने शिव राम शर्मा, पुरा बाल विज्ञानी रामलाल साहनी, संजय श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार अग्रहरि, मोनू बिंद, पंकज बिंदु को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य फूलचंद्र मिश्र में आभार व्यक्त किया। संचालन संजय श्रीवास्तव ने किया। सीखड़ क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय मगरहा में ज्ञान मेले का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन विधायक अनुराग सिंह ने किया। इस मौके पर बच्चों ने वंदेभारत ट्रेन, लड़ाकू विमान मिराज, वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टेम, बैक्युम क्लीनर, सोलर प्लांट, पारदर्शी यंत्र आदि के मॉडल पेश कर वाहवाही लूटी। इस दौरान प्रदीप सिंह वीरेंद्र कुमार सिंह, राम जियावन सिंह शीतला प्रसाद आर्य, संजय सिंह, लक्ष्मण सिंह, शरद मौर्या, रुचि सिंह, प्रियंका सिंह आदि रहीं। लालगंज स्थित एडब्लूएस स्कूल में आयोजित विज्ञान दिवस का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह यादव ने किया। इस मौके पर प्रबंधक दिनेश कुमार मौर्य ने कहा की शिक्षा वही सुंदर है, जो वैज्ञानिक है। इस दौरान प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इसी तरह जमालपुर क्षेत्र के खेमईबरी गांव स्थित वैष्णवी कान्वेंट स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसका उद्घाटन उत्तर प्रदेशीय शिक्षा संघ जमालपुर के अध्यक्ष नित्यानंद सिंह ने किया। इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक रामराज सिंह, निशा शर्मा, रमेश, लालजी, वंदना, नखडू, विजय आदि रहे।