मिर्जापुर। लोकतंत्र का मूल मंत्र न्याय, समानता और बंधुत्व है। यह तभी संभव होगा जब हमारा लोकतंत्र मजबूत होगा। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सभी को मतदान के महत्व और अपने अधिकार को समझना होगा। गांवों चौपाल लगाकर अधिकारी लोगों को जागरूक करें और लोगों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं। ये बातें मुख्य चुनाव अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने पथरहिया स्थित मंडलायुक्त कार्यालय सभागार में स्वीप एवं इलेक्टोरल लिट्रेसी पर हुई बैठक में कहीं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है। जागरूकता लोगों की सहभागिता बढ़ाने का एक बड़ा माध्यम है। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और स्वतंत्र मतदान के लिए सभी लोगों में अधिक से अधिक जागरूकता जरूरी है। कहा कि स्कूलों में 14 से 17 वर्ष तक के बच्चों को पहले से मतदान प्रक्रिया और उसके महत्व के बारे में जानकारी देनी चाहिए। जिससे 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर मतदाता बने और निष्पक्ष मतदान करें। उन्होंने कहाकि मतदाता जागरूकता अभियान के तहत मतदाता सूची में नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, छूटे लोगों का नाम शामिल करने और संशोधन किया जाएगा, जिससे त्रुटिरहित मतदाता सूची बनाई जा सके। निर्वाचन आयोग मतदाता सूची में डुप्लीकेट नामों को लेकर गंभीर है, ऐसे में डुप्लीकेट नामों को हटाने की प्रक्रिया चल रही है। बैठक में विंध्याचल मंडल के अधिकारियों, स्कूली बच्चों, प्राचार्य, स्काउट आदि को जानकारी दिया। जिससे मतदान को लेकर लोगों को जागरूक कर सके। बैठक में आयुक्त मुरली मनोहर लाल, जिलाधिकारी अनुराग पटेल, अमित कुमार सिंह, राजेंद्र प्रसाद, सीडीओ प्रियंका निरंजन व भदोही हरिशंकर, अपर आयुक्त लालचंद्र सूर्यमणि, एडीएम राजित राम प्रजापति, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, एसडीएम सविता, अरविंद कुमार चौहान, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमेंद्र श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।