ड्रमंडगंज। हलिया थाना क्षेत्र के नदौली निवासी एक व्यक्ति के मकान व मड़हे में मंगलवार की देर रात आग लगने से एक युवक समेत तीन भैंस गंभीर रूप से झुलस गईं। आग की इस घटना में गृहस्थी का सारा सामान भी जलकर नष्ट हो गया। शोरगुल सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाते हुए झुलसे युवक को आनन फानन में हलिया पीएचसी पहुंचाया। क्षेत्र के नदौली निवासी कलेक्टर के रिहायसी मकान व मड़हे में बुध्रवार की रात लगभग दो बजे संदिग्ध परिस्थिति में आग लगने से घर में रखा तीन कुंतल गेहूं, दो कुंतल चावल, चारपाई, बिस्तर, दो हजार रुपये नगद समेत गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। वहीं बगल में बंधी तीन भैंस के साथ घर में सोया कलेक्टर का बेटा रामजी 22 वर्ष भी आग की चपेट में आकर झुलस गया । चीख पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। पीड़ित ने तहसीलदार लालगंज करमेंद्र कुमार को पत्रक देकर क्षतिपूर्ति की मांग की है।