चुनार। जमीनों की खरीद फरोख्त प्रक्रिया आनलाइन किए जाने से क्षुब्ध अधिवक्ताओं ने मंगलवार को रजिस्ट्रार कार्यालय में तालाबंदी कर विरोध जताया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने जमकर नारेबाजी कर तहसील परिसर में चक्रमण किया। इसके बाद अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू कर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूर्व की व्यवस्था को बहाल किए जाने की मांग किया।
मंगलवार को नवयुवक अधिवक्ता समिति की बैठक बार सभागार में समिति के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में अधिवक्ताओं ने आन लाइन जमीन की रजिस्ट्री किये जाने की व्यवस्था को जनहित के विरूद्ध होना बताया और कहा कि आन लाइन रजिस्ट्री की व्यवस्था समाप्त किया जाना चाहिए यह किसी भी प्रकार से जनहित में नही है। अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में चक्रमण कर उपजिलाधिकारी सुनील कुमार मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान अधिवक्ता अभय सिंह, गजेंद्र नारायण, अखिलेश सिंह, जय कुमार गुप्ता, शीतला प्रसाद यादव, कलाकर चतुर्वेदी, विनोद यादव, वसीम अहमद आदि मौजूद रहे।