मिर्जापुर। नगर के लालडिग्गी स्थित एक लॉज में मंगलवार की रात रोटरी क्लब मीरजापुर गौरव के तत्वावधान में शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सम्मान समारोह को क्लब ने मंगलवार की शाम नेशन बिल्डर एवार्ड डे के रूप में मनाया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि भदोही के सांसद विरेंद्र सिंह मस्त ने दीप जला कर किया।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने कहा कि मात्र अक्षर ज्ञान हो जाने से ही कोई साक्षर नही हो जाता बल्कि ज्ञान को समाज में बांट कर लोगों को साक्षर बनाने वाले को ज्ञानी कहते हैं। शिक्षक पहले ज्ञान अर्जित करता है फिर वह दूसरों में बांटता है, इस तरह वह सामाजिक कार्य करते हुए महानता की श्रेणी में आ जाता है। जिसका सम्मान होना चाहिए। क्लब के अध्यक्ष अमित आहूजा ने शिक्षक दिवस की प्रासंगिकता व महत्व पर प्रकाश डाला। सम्मान समारोह में क्लब के द्वारा चयनित लोगों को मुख्य अतिथि ने प्रमाण पत्र, स्मृति चिंह व अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। जिसमें डा. रम कृपाल, मधु सेन, ज्योति बजाज, अश्वनी जैन व महेश बरनवाल आदि शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन निलेश पुरवार व धन्यवाद ज्ञापित अमित सिंह ने किया। इस मौके पर पूर्व सांसद रामशकल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ पुरवारख, प्रिया जैन, राजबहादुर सिंह, हिमांशु जायसवाल, अनुराग त्रिपाठी, विक्रम जैन आदि उपस्थित रहे।