अदलहाट। कोलना गांव में चार वर्षों से उत्तर प्रदेश जल निगम अभाव खंड द्वारा पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। लगभग एक करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस टंकी का काम मंथर गति से चल रहा है। आरोप है कि निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे पंप हाउस व पंप आपरेटर आवास की छतों से पानी टपकना शुरू हो गया है। आंगन की फर्श क्षतिग्रस्त हो गई है।
कोलना ग्राम पंचायत की लगभग छह हजार की आबादी को पेयजल आपूर्ति के लिए उत्तर प्रदेश जल निगम अभाव खंड द्वारा 2013-14 से पानी टंकी का निर्माण चल रहा है। तीन माह पूर्व गांव में पाइप लाइन का विस्तार कर करीब 318 परिवारों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने का प्रयास है। जल निगम चहारदीवारी का निर्माण करा चुका है। चहारदीवारी के भीतर मिट्टी का भराव नही किए जाने से पूर्ण रूप से गढ्ढे में तब्दील हो गया है। पानी की टंकी और पंप हाउस तथा पंप आपरेटर आवास के निर्माण में मानक व गुणवत्ता का ध्यान नही दिया गया है, जिसके चलते छतों से पानी टपक रहा है। पानी की टंकी भरते समय ओवर फ्लो हो जाने पर पानी बहने का कोई विकल्प भी नही बन पाया है, जब की पानी टंकी के नीचे चारों तरफ पक्की चौड़ी नाली का निर्माण होना चाहिए। वर्तमान में पानी की टंकी पूर्ण रूप से प्रधान को हस्तांतरित नही किया गया है वहीं पंप हाउस को प्रधान को सुपुर्द किया गया है। प्रधान ने गांव के एक व्यक्ति को पंप चलाने और आपूर्ति की जिमेदारी दी है। प्रधान चंद्रेश कुमार सिंह ने पूरे कार्यों की मानक व गुणवत्ता की जांच कराए जाने की मांग की है। सहायक अभियंता गोपाल वर्मा का कहना है कि परिसर में मिट्टी भराई के काम में वर्षा की वजह से देर हुई और निर्माण कार्य खराब हुआ है। शेष कार्य जल्द ही पूरा कराया जाएगा।