मिर्जापुर। मंडी परिषद ने शनिवार को अवैध ढंग से वाराणसी ले जाए जा रहे 250 क्विंटल गेंहू लदे ट्रक के मालिक से 87659 रुपये की जुर्माना वसूला। इस समय गेहूं की खरीद चल रही है। इसी के साथ ही अवैध रूप से गेहूं को खरीदकर उनका दूसरे जिलों मेंं परिवहन भी किया जा रहा है। शुक्रवार को देेहात कोतवाली के समोगरा मोड़ के पास खाद्य विभाग के कर्मचारियों ने एक ट्रक बिना कागजात का गेहूं पकड़ा था। उसको मंडी सचिव की अभिरक्षा में दिया गया था। उसी से यह वसूली की गई।
हलिया के गेहूं क्रय केंद्र पर नारायण जी दुबे केंद्र प्रभारी के पद पर तैनात हैं। उनको शुक्रवार को सूचना मिली थी कि एक ट्रक गेहूं जिस पर तकरीबन ढाई सौ क्विंटल गेहूं लदा है। वाराणसी की ओर जा रहा है। उन्होंने अपने साथियों के साथ ट्रक का पीछा किया और देहात कोतवाली के समोगरा मोड़ के पास ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक पर तकरीबन ढाई सौ क्विंटल गेहूं लदा था। पूछताछ में चालक के पास कोई वैध कागजात नहीं पाया गया। नारायण जी दुबे ने जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी धनंजय सिंह को मामले की जानकारी दी। उनके द्वारा निर्देशित करने पर ट्रक को मंडी सचिव की अभिरक्षा में मंडी समिति में खड़ा करा दिया गया। नारायण जी दुबे ने गेहूं खरीद के पहले ही दिन एक अप्रैल को भी इसी प्रकार बिना किसी कागजात के गेहूं का परिवहन करते हुए एक ट्रक को पकड़ा था। बताया जा रहा है कि यह ट्रक प्रयागराज के किसी व्यापारी का है जो वाराणसी जा रहा था। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी धनंजय सिंह ने बताया कि जांच के बाद मामला अवैध परिवहन का पाया गया। उससे जुर्माना वसूला गया।