-अग्निशमन विभाग के अनापत्ति प्रमाणपत्र की मुख्य रूप से हो रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। पिछले दिनों लखनऊ की कोचिंग में लगी आग में कई छात्रों की मौत के बाद जिले में भी अभियान चलाकर कोचिंग संस्थानों की सघन जांच की गई। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने मानकों का उल्लंघन करने वाले 86 संस्थानों को नोटिस जारी किया था, लेकिन उनमें से अब तक केवल सात संस्थानों ने ही नोटिस का जवाब दिया है।
अभियान के दौरान मुख्य रूप से यह जांच की गई कि संबंधित संस्थानों के पास अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) है या नहीं। इस क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट ने 55 संस्थानों का निरीक्षण किया और उनमें से 45 को नोटिस जारी किया। निर्देश दिया कि अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद ही संस्थान संचालित किए जाएं। इनमें से अब तक केवल तीन संस्थानों ने अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त कर नोटिस का जवाब दिया है।
इसी प्रकार जिला विद्यालय निरीक्षक ने अपने विभाग में पंजीकृत सभी 41 संस्थानों को नोटिस जारी कर निर्देश दिया था कि संस्थान का नवीनीकरण और अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद ही कोचिंग का संचालन करें। इनमें से भी केवल चार संस्थानों ने जवाब दिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार दीक्षित ने बताया कि शेष संस्थानों के जवाब की प्रतीक्षा की जा रही है। निरीक्षण के बाद ही संचालन की अनुमति दी जाएगी।
नोटिस का जवाब नहीं देने तक बंद रहेगा संचालन
सिटी मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि 45 संस्थानों को नोटिस जारी किया था। इनमें से तीन ने जवाब दिया है, जबकि एक संस्थान ने अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र भी प्राप्त कर लिया है। जब तक संस्थान अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त कर नोटिस का जवाब नहीं देंगे, तब तक संचालन बंद रहेगा। यदि कोई संस्थान बिना नोटिस का जवाब दिए संचालित होता पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।