पहलवान को पुरस्कार देते मुख्य अतिथि
श्री सत्यनारायण खेल संस्थान में आयोजित मंगलाराय स्मारक राज्य स्तरीय आमंत्रण एवं राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के तीसरे और अंतिम दिन महिला और पुरुष वर्गों की कुल 82 कुश्तियां लड़ीं गईं। इसमें फाइनल मुकाबले भी शामिल रहे। राज्य आमंत्रण कुश्ती में नौ पहलवानों ने जीत दर्ज की, वहीं राष्ट्रीय प्राइज मनी कुश्ती प्रतियोगिता के फाइनल में सात पहलवानों ने फतह हासिल की।
राज्य आमंत्रण प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग के फाइनल में 50 किलो भार वर्ग में राकेश जौनपुर ने सुजीत मिर्जापुर को हराया। 57 किलो भारवर्ग में सत्येन्द्र कुमार ने संदीप यादव को अंकों के आधार पर पछाड़ा। 81 किलो भारवर्ग में प्रशांत पटेल ने नीरज यादव को पटखनी दी। 65 किलो भार वर्ग में अरविंद यादव ने अनिल यादव को पटखनी दी। 70 किलो भार वर्ग में कलवा ने विशाल पटेल को ढाक दांव लगा कर मुकाबला जीत लिया। 74 किलो भार वर्ग में जीत नारायण ने रविशंकर मौर्य को एकहरी पट मार कर अंकों के आधार पर पराजित किया। 86 किलोभार वर्ग में अमित सूर्य ने राज निषाद को भारद्वाज दाव से पटखनी दी।
इसी तरह 97 किलो भार वर्ग में पंकज यादव ने अभय कुमार को अंकों के आधार पर हराकर फतह हासिल की। ओवर 97 भारवर्ग में अजीत दूबे ने शहनवाज को कड़ी मशक्कत के बाद एकहरी पट दाव के सहारे शिकस्त दी। 55 किलो भारवर्ग में आरजू तोमर ने देवी सिंह को कड़े मुकाबले में पांचवें मिनट में मुकाबला अपने नाम किया। 61 किलो भारवर्ग में अंशु तोमर ने रीतू रानी को एकहरी पट, दोहरी पटक के साथ अधिक अंक प्राप्त कर हराया। 55 प्लस भारवर्ग में साधना ने प्रीति को हराया। प्राइज मनी के पुरुष वर्ग के 74 किलो भार वर्ग में अमित कुमार ने दुष्यंत को ईरानी दाव लगा कर हराया। 74 प्लस भार वर्ग में रोहित कुमार ने मुन्ना यादव को लंबे चले मुकाबले में दोहरी पट मार कर दो अंक अर्जित कर मुकाबला जीता। 57 किलो भार वर्ग में मयंक चौधरी ने जितेंद्र सोनकर को दोहरी पट और ढाक दाव के सहारे अंकों के आधार पर हराया। इसके पूर्व तीसरे दिन के मुुकाबलों का उद्घाटन सीआईएसएफ के डीजीपी ओपी सिंह ने पहलवानों का हाथ मिला कर किया। एनडीआरएफ के वाराणसी कमांडेंट आलोक कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी, विपिन बिहारी सिंह एडीजी महाराष्ट्र आदि मौजूद रहे।