विदेशी मेहमानों को लेकर पहुंचा राजमहल क्रूज
चुनार। राजमहल क्रूज पर सवार सात सदस्यीय विदेशी मेहमानों का दल गंगा में जलमार्ग से शनिवार को तीन बजे चुनार पहुंचा। बीच गंगा में लंगर डाल विदेशी मेहमान क्रूज से उतरकर छोटी मोटर बोट से बालूघाट गंगातट पर पहुंचे। वहां से नगर में स्थित चुनार के ऐतिहासिक दुर्ग पर पहुंचकर रानी सोनवा का मंडप, बाउली और राजा भर्तृहरि नाथ की समाधि स्थल को देखा।
टूरिज्म गाइड अखिलेश सिंह ने विदेशी मेहमानों को राजा भर्तृहरि नाथ की समाधि स्थल के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी। दुर्ग से निकलकर वापस आते समय उन्होंने दुर्ग के नीचे सराय टेकौर स्थित आंग्ल कब्रिस्तान को देखा और उसके दयनीय हाल पर दुख प्रकट किया। उसके बपाद वे चुनार पाटरी सेंटर पहुंचे और सेंटर को देखा। पाटरी सेंटर से विदेशी मेहमान दरगाह शरीफ में दरी बुनकरों के यहां गए और उनके द्वारा आकर्षण डिजाइन में तैयार की गई दरी को देखा। लगभग दो घंटे नगर में समय व्यतीत करने के बाद शाम क्रूज से वाराणसी के लिए रवाना हो गए। विदेशी मेहमानों के सात सदस्यीय टीम में आस्ट्रेलिया के दो सदस्य ब्रायन व मार्गरेट भ्रमण के लिए भारत में नौवीं बार आए हैं। इनके अलावा टीम में पेरिस से पैक्टरीसिया आस्ट्रेलिया से ओबरायन, पाट ओबरायन, इंग्लैड से पीटर हैं। गाइड ने बताया कि सभी सदस्य वाराणसी होते हुए राजमहल क्रूज से कोलकाता जाएंगे।