विंध्याचल में सफाई करते डीएम और अन्य अधिकारी
विंध्याचल। स्वच्छता अभियान के दूसरे दिन गुरुवार को जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने विंध्याचल के उत्तरी वार्ड, कंतित में सफाई अभियान की अगुवाई की। उन्होंने न सिर्फ खुद सफाई की बल्कि लोगों को सफाई के प्रति प्रेरित किया। कहा कि लोग खुद आसपास साफ सुथरा रखें और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा ने नगर पालिका को विंध्याचल से तीन बार कूड़ा उठवाने का निर्देश दिया।
विंध्याचल के उत्तरी वार्ड, शिवपुर वार्ड एवं कंतित वार्ड में स्वच्छता अभियान का गुरुवार को नेतृत्व करते हुए जिलाधिकारी ने विंध्य धाम मेें खुद सफाई की। इस दौरान उन्होंने लोगों को धाम क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। स्वच्छता अभियान शक्ति पंथ पुरानी वीआईपी रोड से शुरू होकर फतेपुरी गली, बावली चौराहा, बंगाली चौराहा, बरतर तिराहा, बनारस बस स्टैंड एवं कंतित मजार तक चला। इसके बाद विंध्य धाम की गली, कोतवाली रोड, दिवान घाट, बलुआ घाट , चिकान टोला, पकरीतर, पक्का घाट, मां विन्ध्यवासिनी मंदिर में सफाई कर अभियान का समापन किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि लोगों को न तो स्वयं गंदगी फैलानी चाहिए और न ही किसी और को फैलाने देना चाहिए। कहा कि हम लोग मां विंध्यवासिनी धाम को स्वच्छ रख एवं देश प्रदेश से आने वाले मां के भक्तों को अच्छा संदेश दे सकते हैं। सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा ने जनता, विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की ओर से स्वच्छ भारत मिशन व प्लास्टिक मुक्त अभियान में हिस्सा लेने का आह्वान किया। नगर पालिका परिषद को निर्देश दिया कि विंध्य धाम में तीन बार कूड़ा उठवाया जाए ताकि कहीं पर कूड़ा डंप न हो। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी राजपति राम प्रजापति, एसडीएम सविता यादव, अपर मुख्य अधिकारी विन्ध्याचल कुशवाहा, पवन प्रजापति आदि मौजूद रहे। उधर, कुछ लोगों ने आम लोगों से जबरन सफाई कराने पर नाराजगी जताई।