मिर्जापुर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर और विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर बने फुट ओवरब्रिज, सोलर पावर प्लांट और वाईफाई सुविधा का लोकार्पण तथा मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के दक्षिणी प्रवेश द्वार का शिलान्यास 21 जुलाई को करेंगी। इसके लिए मिर्जापुर स्टेशन पर मंच बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
जिले के लोग छह वर्षों से मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के दक्षिण ओर प्रवेश द्वार का निर्माण की मांग कर रहे थे। प्रवेश द्वार के लिए अनुप्रिया पटेल ने काफी प्रयास किया और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा से मुलाकात की थी। 15.40 करोड़ रुपये की लागत की इस परियोजना के लिए बजट की मंजूरी मिली। द्वार निर्माण के लिए टेंडर भी पास हो गया है। 21 जुलाई को अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर स्टेशन के दक्षिणी गेट के निर्माण के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगी।
इसके अलावा मिर्जापुर स्टेशन पर चार करोड़ की लागत से निर्मित फुट ओवर ब्रिज, 40 लाख की लागत से वाईफाई सुविधा और सोलर पावर प्लांट का लोकार्पण करेंगी। सोलर पावर प्लांट से रेलवे स्टेशन परिसर में प्रकाश की व्यवस्था होगी। इसके अलावा यात्री शेड, पेयजल, शौचालय, आरक्षण कार्यालय आदि की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर तैयार तीन योजनाओं दो करोड़ की लागत से निर्मित फुट ओवरब्रिज, सोलर प्लांट और विंध्याचल स्टेशन के सामने विंध्यवासिनी मंदिर की आकृति का लोकार्पण करेंगी।
पान खाकर थूकने पर लगाएं जुर्माना: आगामी 21 जुलाई को विंध्याचल और मिर्जापुर स्टेशन पर तैयार परियोजनाओं के लोकार्पण और मिर्जापुर स्टेशन पर द्वार के शिलान्यास कार्यक्रम के मद्देनजर गुरुवार को एडीआरएम अनुराग कुुुमार एवं सांसद प्रतिनिधि रेलवे डा. एसपी पटेल ने मिर्जापुर एवं विंध्याचल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण गुरुवार को किया। इस दौरान तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दीवारों, एएसएस कार्यालय बाथरूम और आसपास पान की पीक देखकर एडीआरएम ने नाराजगी जताई और पान या गुटखा खाकर स्टेशन पर आने वाले लोगों पर पांच सौ रुपये का जुर्माना लगाने का निर्देश दिया। एडीआरएम एवं डा. पटेल ने मिर्जापुर स्टेशन पर में कार्यक्रम के लिए मंच का स्थान देखा। अधिकारियों से कहा कि तैयारियों में कोई कमी नहीं रहे। एडीआरएम ने बताया कि मिर्जापुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर एसएस आफिस के पास मंच बनेगा। यहीं से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर एवं विंध्याचल में स्टेशन पर हुए विकास कार्यों एवं दक्षिणी परिसर की ओर खुलने वाले गेट का शिलान्यास करेंगी। 21 जुलाई को कार्यक्रम के चलते मिर्जापुर स्टेशन के एक नंबर प्लेटफार्म पर कोई ट्रेन नहीं आएगी। सारी ट्रेनों को दो नंबर से गुजारने के निर्देश दिया गया है। डा. एसपी पटेल ने बताया कि सभी कार्यों का लोकार्पण केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल करेंगी। साफ सफाई में और सुधार लाने को कहा। कार्यक्रम के दौरान जिले पांचों विधायक रत्नाकर मिश्र, रमाशंकर पटेल, सुचिस्मिता मौर्या, राहुल प्रकाश कोल, अनुराग पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल, सोनभद्र के सांसद छोटेलाल खरवार रहेंगे। निरीक्षण के दौरान डीसीएम अमन वर्मा, सीनियर डीएसटीई नीरज यादव, अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष रमाकांत पटेल, रामकुमार विश्वकर्मा, नितिन विश्वकर्मा, पंकज तिवारी, गोपाल शर्मा, प्रेम सागर, रामलोटन बिंद, राजकुमार, राधेश्याम पटेल आदि मौजूद रहे।