एक साथ निकलेगी 511 दूल्हों की बारात
मिर्जापुर। सरकार की सामूहिक शादी योजना के तहत 24 अप्रैल को पुतलीघर में आयोजित सामूहिक विवाह में परिणय सूत्र में बंधने वाले पंजीकृत जोड़ों की संख्या बढ़ कर 511 हो गई है। नगर के सरजू उद्यान से एक साथ 511 दूल्हों की बारात निकलेगी और पुतली घर में विधि-विधान के साथ शादी होगी। इसमें बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ शामिल होकर वर-वधुओं को आशीर्वाद देंगे। उनके कार्यक्रम को लेकर कार्यक्रम स्थल पर पंडाल, हेलीपैड, शौचालय आदि का निर्माण किया जा रहा है। रविवार को एडीएम राजितराम प्रजापति और नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा समेत अन्य अधिकारियों ने तैयारियों का निरीक्षण किया।
आगामी 24 अप्रैल को कार्यक्रम में पंजीकृत श्रमिकों के पुत्र व पुत्रियों का सामूहिक विवाह होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, राज्यमंत्री श्रम एवं सेवायोजन मनोहर लाल मन्नू कोरी के साथ मंडल के सांसद और विधायक भी शामिल होंगे। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि कार्यक्रम में लगभग दस हजार लोग शामिल हो रहे हैं। सोनभद्र के 279, मिर्जापुर के 180 और भदोही के 52 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। इनमें तीन तीन मुस्लिम जोड़े शामिल हैं जिनका निकाह कराया जाएगा। विवाह के बाद पंजीकृत निर्माण श्रमिक के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से 65 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा। इस धनराशि से नव विवाहित दंपती अपने गृहस्थी का सामान स्वेच्छा से खरीद सकेंगे। रविवार को उप श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी, जिला कृषि अधिकारी पवन प्रजापति, मुख्य सफाई निरीक्षक केके शुक्ला, अनुपम त्रिपाठी ने भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
उप श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी ने बताया कि बारात उठने के दौरान जिला प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किया गया है। बारात प्रात: 10 बजे से चलकर पुतलीघर स्थित वैवाहिक स्थल पर पहुंचेगी। इसके बाद प्रात: 11 बजे से वैवाहिक कार्यक्रम शुरू होगा। विवाह कार्यक्रम के बाद भोजन का आयोजन किया गया है।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम के तहत परिजनों और जोड़ों को रुकने के लिए व्यवस्था की गई है। सोनभद्र दूर होने के कारण लाभार्थी 23 अप्रैल को ही आ जाएंगे। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि महिलाएं लायंस इंटर कालेज लालडिग्गी और पुरुष राजस्थान इंटर कालेज में ठहरेंगे। उन्होंने बताया कि 24 अप्रैल को प्रात: आठ बजे से जोड़ों का पंजीयन किया जाएगा। पंडाल, भोजन, जोड़ों को उपहार आदि सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सामूहिक विवाह कार्यक्रम पर लगभग 20 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
विंध्याचल मंडल में श्रम विभाग में एक लाख 93 हजार 350 श्रमिक पंजीकृत हैं। उप श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी ने बताया कि सोनभद्र में 95573, मिर्जापुर में 71467 और भदोही में 26310 श्रमिक पंजीकृत हैं।