मिर्जापुर। अहरौरा के लखनिया दरी में नौ दिसंबर को विदेशी सैलानियों को छेड़छाड़ व जानलेवा हमले से बचाने वाली वाराणसी की दत्ता बहनों रिया, मिली और तान्या दत्ता को गणतंत्र दिवस पर एडीजी प्रेमप्रकाश ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर ऐसे ही सभी लड़कियां बहादुरी का परिचय देने लगें तो कोई भी आरोपी उनसे छेड़छाड़ करने का हिम्मत नहीं करेगा।
वाराणसी की रिया दत्ता, मिली दत्ता तथा तान्या दत्ता नौ दिसंबर 2017 को लखनिया दरी जल प्रपात पर फ्रांसीसी पर्यटकों के साथ पिकनिक मनाने आई थीं। लौटते समय कुछ युवकों ने विदेशी पर्यटकों के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। यह देख तीनों बहनों ने इसका विरोध जताया तो आरोपी मारपीट करने लगे। वे लाठी डंडा चलाने लगे लेकिन तीनों बहनों ने बहादुरी से उनका सामना किया। मारपीट की इस घटना में दत्ता बहनें घायल भी हो गईं। उनके साथ उनके चाचा को भी चोटें आईं। पुलिस मामले में 12 में से नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस अवसर पर दत्ता बहनों ने कहा कि वह यह सम्मान पाकर काफी खुश हैं। उन्होंने केवल देशवासी होने के नाते फ्रांसीसी पर्यटकों को बचाने की कोशिश की थी। हर लड़की को आत्मरक्षा के लिए लड़ना चाहिए तभी उनका सम्मान बना रहेगा।
इस घटना में तत्काल मौके पर पहुंच कर चार आरोपियों को गिरफ्तार करने वाले यूपी हंड्रेड अहरौरा प्रभारी समेत हेड कांस्टेपल नंदलाल, आरक्षी संतोष कुमार और चालक महेंद्र गौड़ को एडीजी प्रेमप्रकाश और पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने सम्मानित किया।