नरायनपुर (मिर्जापुर)।
मिर्जापुर-वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर रसूलागंज गांव के सामने शनिवार को लगभग 11 बजे वाराणसी जा रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वाराणसी के रामनगर निवासी रमापति सोनकर के एक भतीजे की शुक्रवार को शादी हुई थी। इसके बहू भोज का आयोजन शनिवार को किया गया था। इसकी तैयारी में रमापति जुटा था। शनिवार को वह नरायनपुर बाजार से खोवा लेने आया था। लौटते समय सुबह करीब 10 बजे रमापति नरायनपुर बाजार के पास ही किसी वाहन की चपेट में आकर घायल गया। इसकी सूचना उसने अपने घरवालों को दे दी। रमापति के घायल होने की खबर लगते ही उसका भतीजा रामबाबू सोनकर 25 वर्ष पुत्र बोधेलाल सोनकर अपने चचेरे भाई मोनू सोनकर 16 वर्ष पुत्र चम्मन को साथ लेकर रमापति को देखने निकल पड़ा। बाइक सवार दोनों युवक जैसे ही अदलहाट थाना क्षेत्र के रसूलागंज गांव के सामने पहुंचे कि वाराणसी की ओर जा रहे ट्रक की चपेट में आ गया। पहिए के नीचे आते ही रामबाबू की कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई जबकि साथ में मौजूद मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। इसे वाराणसी स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। घटना की खबर लगते ही खुशी का माहौल गम में बदल गया।