मिर्जापुर। मिर्जापुर व्यापार एवं उद्योग मंडल के सदस्यों की प्रदेश सरकार के द्वारा विद्युत दरों में बढ़ोत्तरी किए जाने के विरोध में मंगलवार को कटरा बाजीराव स्थित कैंप कार्यालय पर बैठक हुई। बैठक में बढ़ाई गई विद्युत दरों को वापस लेने की मांग की गई।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीप चंद्र जैन ने विद्युत दरों में की गई वृद्घि पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पहले से ही अन्य प्रदेशों की अपेक्षा अधिक विद्युत दर ले रही है। इसके बावजूद विद्युत दरों को बढ़ा कर आम जनता व व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है। व्यापारी सरकार की मनमानी बर्दाश्त नही करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारी व जनता पहले से ही महंगाई से त्रस्त है, ऊपर से विद्युत दरों में बढ़ोत्तरी करके प्रदेश सरकार आग में घी डालने का काम कर रही है। बैठक में व्यापारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अगर बढ़ाए गए विद्युत दरों को वापस नहीं लेती है, तो समस्त व्यापारी सड़क पर उतर कर विरोध करेंगे, जिसकी सारी जिम्मेदारी सरकार की होगी। बैठक में संतोष ओमर, भगवान दास केसरवानी, बद्री गुप्ता, कौशल पवाधा, जनार्दन रस्तोगी, भोला चौरसिया, महेश, संजय कपूर, दिनश केसरवानी, हीरालाल, अशोक बरनवाल, शिव शंकर सोनी, अजीत साहू आदि उपस्थित रहे।