अहरौरा। बेचूवीर मेले के तीसरे दिन बाबा के चौरी पर मत्था टेकने वालों की भीड़ उमड़ी। बाबा की चौरी पर अक्षत पाने के लिए तीन दिन से आस्थावानों की भीड़ लग रही है। हालत यह है कि सोमवार की देर शाम तक करीब पांच लाख आस्थावान चौरी पर मत्था टेकने पहुंचे। निगरानी के लिए मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
पहाड़ियों के दुर्गम रास्ते से होकर रोजाना लाखों श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंच रहे हैं। सुदूर इलाके में होने के कारण बाबा की चौरी तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को काफी मशक्कत करनी पड़ती है। इसके बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं है। दूरदराज लाखों लोग मेले में पहुंच रहे हैं। मेले में काला जादू भी खूब हो रहा है। प्रेत बाधा दूर करने के लिए झाड़-फूंक की जा रही है। श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ के चलते अहरौरा के 14 किलोमीटर लंबे मार्ग पर जाम लग जा रहा है। बैरमपुर मोड़ से बेचूवीर धाम तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को सुबह से शाम हो गई। बाबा के आस्था के कारण भक्तों की भीड़ लगी रही। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने खूब पसीना बहाया, लेकिन भारी भीड़ के चलते महिला पुलिस ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रही है। बाबा की चौरी के चारो ओर बड़ी संख्या मे पहुंचे भक्तों पर नजर रखने के लिए 14 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
इनसेट
पांच हजार मे बिक रहा मेमना
अहरौरा। बेचूवीर बाबा के मेला में तीसरे दिन श्रद्धालुओं ने अपनी मन्नतें पूरी होने पर चौरी पर मेमना चढ़ाया। मेला में मेमना की मांग ज्यादा होने पर मेमना बेचने वाले इसका लाभ उठा कर दोगुनी कीमत पर बेच रहे हैं। चार से पांच हजार रुपये की कीमत मे एक मेमना बेचा जा रहा है। हैरत की बात यह है कि एक ओर भक्त बाबा की चौरी पर मेमना चढ़ा रहे हैं, तो कुछ ही समय बाद वही मेमना फ़िर से बाजार में बिकते हुए दिखाई पड़ रहा है।