जिगना (मिर्जापुर)। छानबे क्षेत्र के विजयपुर स्थित मां शीतलाधाम व डेरवा स्थित दुलारों माता पर आषाढ़ व सावन में प्रत्येक सोमवार व बुधवार को लगने वाले मेले में जिला प्रशासन साफ-सफाई, बिजली, पेयजल तथा जाम की स्थिति पर ध्यान नहीं दे रहा है। इससे दूरदराज से आने वाले भक्तों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोग भी हमेशा इन समस्याओं से परेशान रहते हैं। विगत सोमवार को मेले मे उमड़ी भीड़ से मेला की व्यवस्था चरमरा गई। रोक के बावजूद मेला क्षेत्र मे बड़े वाहनों के आने से जाम लग गया। जाम की स्थिति यह रही कि रात साढ़े आठ बजे तक बड़ी संख्या मे दर्शनार्थी मेला क्षेत्र ही मे फंसे रहे। गैपुरा-लालगंज मार्ग पर विजयपुर में सड़क की पटरी पर मेले की अस्थायी दूकानें लगा दी जाती हैं, जिससे स्थिति और खराब हो जाती है। विजयपुर एवं डेरवां के देवी मंदिरों में वार्षिक दर्शन-पूजन के लिए कई जिलो के लोग पहुंचते हैं, लेकिन मेला क्षेत्र में उन्हें मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसना पड़ता है।