विकास भवन के सभागार में शिक्षिका को उच्च शिक्षा शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का प्रमाणपत्र
विकास भवन के सभागार में हुआ आयोजन
मिर्जापुर। पथरहिया के विकास भवन सभागार में रविवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत उच्च शिक्षा के 80 शिक्षकों को कैशलेस कार्ड दिया गया। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया और मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय के कुलसचिव राम नारायण ने शिक्षकों को कैशलेस कार्ड बांटा।
कार्यक्रम में जीडी बिनानी पीजी कॉलेज, केबी पीजी कॉलेज और कमला आर्य कन्या पीजी कॉलेज के शिक्षकों को कैशलेस कार्ड दिया गया। इस दौरान आगरा में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। प्रधानमंत्री के ''मन की बात'' कार्यक्रम का प्रसारण सुना गया। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार शिक्षकों के हित में कार्य कर रही है। मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि शिक्षक समाज के नेतृत्वकर्ता हैं। उनके हितों के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है। मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के सम्मान के प्रति सतर्क है। संयोजन नोडल अधिकारी प्रो. सूबेदार यादव तथा उप नोडल अधिकारी प्रो. अशोक कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में केबी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रविंद्र कुमार द्विवेदी, कमला आर्य कन्या पीजी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रितु सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।