मिर्जापुर में मतदाता जागरूकता रैली निकालकर लोगों को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस संबंध में कई कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। बोट रैली, बाइक रैली व कलश यात्रा के साथ जागरूकता रैली का निरंतर आयोजन किया जा रहा है।
सीखड़ विकासखंड में मंगलवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय खानपुर के अध्यापकों एवं बच्चों ने मतदाता जागरूकता रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। रैली विद्यालय से निकलकर गांव के गलियों में होते हुए पुन: विद्यालय पर आकर समाप्त हुई। इस दौरान बच्चे लोकतंत्र की भागीदारी हम सबकी जिम्मेदारी, सारे काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो नारे लगा रहे थे।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राम जियावन सिंह व विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं रैली में उपस्थित रहे। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय धनुपुर प्राथमिक विद्यालय प्रथम कुशवाहा प्राथमिक विद्यालय सीखड़ के अध्यापकों एवं बच्चों ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। वहीं, अदलहाट में मंगलवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय समदपुर के बच्चों द्वारा गांव में मतदान जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली में विद्यालय के बच्चों ने सभी से मतदान करने का आह्वान किया। इस दौरान पूर्व माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य निर्मला देवी ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, इस पर्व पर अपने अमूल्य मत का उपयोग करना चाहिए। इस दौरान धर्मेंद्र कुमार पटेल, श्वेता श्रीवास्तव रंजूला सिंह, उषा देवी, कंचना गुप्ता, रोहित प्रताप, अभिजीत श्रीवास्तव अन्य लोग उपस्थित रहे।