महाहड़ताल की जागरूकता के लिए निकाली बाइक रैली
पुरानी पेंशन योजना की बहाली के लिए ठोस कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
मिर्जापुर। कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी-पुरानी पेंशन बहाली मंच की ओर से मंगलवार को बरियाघाट से बाइक रैली निकाली गई। वक्ताओं ने कहा कि यह रैली छह फरवरी से शुरू होने वाली महाहड़ताल व कार्य बहिष्कार आंदोलन के प्रति जागरूकता लाने के लिए निकाली गई है।
बरियाघाट से रैली शुरू होकर नगर पालिका, सेल टैक्स कार्यालय, विकास भवन, बाण सागर कार्यालय, आरटीओ कार्यालय, सिंचाई विभाग, वन विभाग व सीएमओ कार्यालय होते हुए कलेक्ट्रेट में जाकर सभा में परिवर्तित हो गई। इस जुलूस में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी नारा लगाते हुए चल रहे थे। जैसे- जैसे जुलूस आगे बढ़ता गया, उनमें शामिल होने वालों की संख्या बढ़ती गई। कलेक्ट्रेट में आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा छह फरवरी से 12 फरवरी तक सभी कार्यालयों मे तालाबंदी रहेगी। मंच के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने कहा यदि इसके बाद भी सरकार कोई कार्रवाई नहीं करती है तो आंदोलन को जारी रखा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस महाहड़ताल के लिए सरकार ही पूर्ण रूप से जिम्मेदार है। मंच के संयोजक लल्लू तिवारी ने कहा शिक्षक और कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना की बहाली जायज मांग है। यह कर्मचारियों का हक है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी कार्यालय बंद कर कलेक्ट्रेट में इकट्ठा होकर सभा करेंगे। निगरानी टीम में शामिल कर्मचारी घूम-घूमकर कर्मचारियों को कार्यालय बंदकर सभा स्थल पर पहुंचने के लिए प्रेरित करते रहेंगे। मंच के संरक्षक सुभाष तिवारी ने आह्वान किया कि शिक्षक विद्यालय बंदकर बीआरसी पर सभा करेंगे। बोर्ड परीक्षा का बहिष्कार कर मध्याह्न भोजन भी न बनवाने को कहा गया। बाइक जुलूस में विजयशंकर त्रिपाठी, विनोद तिवारी, चंद्रशेखर मिश्र, अभिमन्यु सिंह, मधुकर श्रीवास्तव, उमाकांत मिश्र, मनोज राय, इंद्रभूषण उपाध्याय, शान मोहम्मद, संतोष सिंह, सुशील सिंह आदि थे।