मिर्जापुर/कछवां। पिछले दिनों हुई लगातार बारिश के चलते विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। भदोही के महराजगंज भगवानपुर गांव के पास शुक्रवार को बारिश के चलते हाईटेंशन बिजली का खंभा गिरने से कछवां और मझवां ब्लाक के 40 गांवों में 72 घंटे से बिजली गुल है। इसके चलते जलापूर्ति भी बाधित हो गई है और इन गांवों के लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। समस्याओं को लेकर नाराज बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने सोमवार को कछवा विद्युत उपकेंद्र पर हंगामा करते हुए नारेबाजी की। क्रुद्ध ग्रामीण तत्काल विद्युत आपूर्ति करने की मांग कर रहे थे। जेई ने मरम्मत की बात कहते हुए मंगलवार को आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
कछवां और आसपास के गांवों के लोग सोमवार की सुबह सुबह दस बजे विद्युत उपकेंद्र कछवां पहुंच गए और हो-हल्ला के साथ हंगामा करने लगे। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी भी की। नाराज लोगों का कहना था कि जबतक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की जाती है तबतक वे उपकेंद्र से नहीं जाएंगेे। जानकारी होने पर जेई मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि मरम्मत कार्य चल रहा है। मंगलवार की सुबह तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए। भदोही जिले के औराई उपकेंद्र से कछवां और मझवा ब्लाक के लगभग 40 गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। शुुक्रवार को बारिश के चलते औराई के महराजगंज भगवानपुर गांव के पास 11 हजार की बिजली का खंभा गिर गया जिससे 40 गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। तीन दिनों से बिजली न रहने से पेयजल आपूर्ति भी ठप है। घरों में लगे इनवर्टर भी डिस्चार्ज हो गए हैं। व्यापार और छोटे-छोटे उद्योग धंधे प्रभावित हो रहे हैं। जलापूर्ति नहीं होने से लोग पेयजल के लिए भटक रहे हैं। प्रदर्शनकारियों में मोहन सिंह, अनिल चौधरी, योगेंद्र नरायन सिंह का कहना है कि बिजली नहीं रहने से फसलों की सिंचाई से लेकर घरेलू कामकाज ठप हो गए हैं। भीषण उमस में लोग परेशान हैं। चेतावनी दी कि अगर मंगलवार की सुबह तक विद्युत आपूर्ति नहीं की गई तो कछवां विद्युत उपकेंद्र का घेराव किया जाएगा।
विद्युत उपकेंद्र कछवां के अवर अभियंता उमेश कुमार ने बारिश के चलते औराई के महराजगंज में बिजली का खंभा गिरने से आपूर्ति बाधित है। मरम्मत का काम चल रहा है। मंगलवार की सुबह तक आपूर्ति बहाल हो जाएगी।