हलिया। बस्तरा मोड़ से जड़कुड़ तक बनने वाले टू लेन सड़क का निर्माण हलिया बाजार में भी बुधवार से शुरू हो गया । बाजार में सड़क की चौड़ाई के हिसाब से जमीन तैयार करने के लिए जेसंीबी द्वारा दोनों तरफ के अतिक्रमण को हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है । पुरानी सड़क की हो रही खुदाई के चलते हलिया बाजार में आवागमन को लेकर अफरातफरी मची हुई है । प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग द्वारा रीवा मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बस्तरा गांव से कोटा घाट, तथा हलिया बाजार होते हुए मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित जड़कुड़ तक करीब 49 किलोमीटर लंबी टू लेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है । करीब 98 करोड़ रुपए की लागत से बन रही इस बहुमुखी सड़क परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी महा कालेश्वर कंस्ट्रक्शन कंपनी को दी गई है । प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि टू लेन के लिए सात मीटर चौड़ी पक्की सड़क बनाई जा रही है । साथ ही सड़क के दोनों तरफ दो मीटर चौड़ी इंटर लॉकिंग पटरी का भी निर्माण कराया जाएगा । इसके अलावा जल निकासी के लिए सड़क की दोनों पटरियों के किनारे पर 60 सेंटीमीटर चौड़ी नाली का भी निर्माण कराया जाएगा । एक्सीइएन ने बताया कि टू लेन सड़क का निर्माण तेज गति से हो रहा है । लेकिन कैमूर वन्यजीव अभयारण्य द्वारा एनओसी न मिलने के कारण वन क्षेत्र से होकर जाने वाली करीब पांच किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य अवरुद्ध है। लगभग पांच किलोमीटर तक सड़क का निर्माण वन विभाग से एनओसी मिलने के बाद हो पाएगा। ग्रामीणों की माने तो काफी दिनों से खराब चल रही सड़क के चलते राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस सड़क के बनने से आम जनता को हो रही परेशानी से निजात मिल जाएगा।