चौथे दिन भी सीबीआई ने की जांच
मनरेगा में घोटाले का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
मिर्जापुर। हलिया ब्लाक में मनरेगा में घोटाले की जांच कर रही सीबीआई टीम की टीम ने डिप्टी एसपी प्रशांत श्रीवास्तव ने नेतृत्व में मंगलवार को भी अष्टभुजा डाक बंगले में कागजातों की बारीकी से जांच की। सीबीआई टीम मनरेगा घोटाले की जांच को अंतिम रूप देने में जुटी है। सीबीआई की तेजी से मनरेगा से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है।
जिले में उच्च न्यायालय के लखनऊ खंडपीठ के दो न्यायाधीशों की बेंच ने 31 जनवरी को मनरेगा योजना में वर्ष 2007 से 2010 तक हुए कार्यों की जांच सीबीआई से कराने का आदेश दिया था। उच्च न्यायालय के आदेश पर हलिया ब्लॉक में मनरेगा कार्यों की जांच चल रही है। इसके पहले स्पेशल क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर अशरफ सिद्दकी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम जनपद में आकर जांच कर चुकी है। हलिया ब्लॉक में भी मनरेगा के तहत कार्यों को कराने में काफी अनियमितता बरती गई है। जिले के हलिया ब्लॉक में वर्ष 2007 से 2010 के बीच मनरेगा में कराए गए कार्यों में घोटाले की जांच कर रही है। सीबीआई हलिया ब्लॉक में हुए पौने चार करोड़ रुपये के घोटाले से संबंधित फाइलों को खंगाल रही है। सीबीआई वर्ष 2012 में हलिया थाने में 54 मुकदमेे दर्ज करा चुकी है।