हलिया। क्षेत्र के सिकट और गुलपुर में पेयजल समस्या को दूर करने के लिए हैंडपंप लगवाए जाएंगे। जहां जरूरत होगी वहां टैंकर से पेयजल भेजने की व्यवस्था की जाएगी। ये बातें छानबे विधायक राहुल प्रकाश ने शनिवार को सिकटा और गुलपुर में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनने के बाद कहीं।
इससे पहले उन्होंने गड़बड़ा धाम पहुंचकर दर्शन पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गड़बड़ा धाम के सौंदर्यीकरण व पर्यटन स्थल बनाने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र के माध्यम से अवगत कराया जाएगा। ग्रामीणों ने गड़बड़ाधाम में सोलर लाइट, सड़कों का मरम्मत एवं सेवटी नदी के घाटों की मरम्मत कराने की मांग की। विधायक ने पंवारी कला गांव में मृतक सुभाष भुज के घर पहुंचकर परिजनों से सांत्वना दी। कहा कि दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। पीड़ित परिवार को सरकारी लाभ दिलाया जाएगा। आर्थिक सहयोग के रूप में पीड़ित परिवार को दस हजार रुपये की सहायता दी। इसके बाद सिकटा एंव गुलपुर में जन चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी। जिसमें सबसे ज्यादा समस्या पेयजल की रही। विधायक ने कहा कि पेयजल की समस्या के समाधान के लिए टैंकर तथा नया हैंडपंप की व्यवस्था कराकर पेयजल की समस्या से निजात दिलाई जाएगी। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि कुलदीप पटेल, सुजीत सिंह, जनार्दन कोल, बंटू सिंह, अदालत कोल, इंदु पटेल, गोपी कोल, संजय, बाबू लाल आदि लोग उपस्थित रहे।