कछवां। आदर्श नगर पंचायत में केंद्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण की दो सदस्यीय टीम शुक्रवार को नगर पंचायत कार्यालय पहुंचीं। टीम ने 2018 में कराए गए स्वच्छता के आंकड़े एकत्रित कर स्वच्छता का स्तर देखा। टीम कई बिंदुओं पर स्वच्छता का सर्वेक्षण कर रही है।
अधिशासी अधिकारी राजेंद्र कुमार दुबे और नगर पंचायत अध्यक्ष पंधारी यादव ने वरिष्ठ निरीक्षक रविंद्र कुमार और सहायक निरीक्षक अजय यादव के समक्ष कराए गए स्वच्छता कार्य, खुले में शौच मुक्त वार्डों से संबंधित दस्तावेज व कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। 2018 सर्वेक्षण में पहली बार आदर्श नगर पंचायतों को शामिल किया गया है। सर्वेक्षण टीम की ओर से 44 विंदुओं पर निरीक्षण करके स्वच्छ शहरों को चार सौ नंबर, भौतिक सत्यापन करने पर 12 सौ अंक दी जाएगी। वहीं दस्तावेजों के रखरखाव और नागरिकों के फीड बैक के आधार पर अंक मिलेंगे। टीम का कहना है कि सर्वे का पूरा विवरण उच्चाधिकारियों के सामनेे प्रस्तुत किया जाएगा। भौतिक सत्यापन के लिए अलग से टीम आएगी। बेहतर कार्य करने वाली नगर पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा। यह सर्वे प्रतियोगिता पिछले तीन वर्षों से हो रहा है। टीम ने अब तक मिर्जापुर शहर और चुनार नगर पालिका का सर्वे कर चुकी है। इस दौरान प्रधान लिपिक दूधनाथ, डिस्टिक प्रोजेक्ट मैनेजर संजय, नित्यानंद दुबे आदि रहे।