मिर्जापुर। देहात कोतवाली पुलिस ने सोमवार को क्षेत्र के गुरंसडी से पंडित पारसनाथ मेमोरियल इंटर कालेज के प्रबंधक व प्रधानाचार्य को गिरफ्तार करके प्रथम अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनोज कुमार द्वितीय के न्यायालय में पेश किया गया। आरोपियों के अधिवक्ताओं द्वारा जमानत अर्जी दाखिल करने पर न्यायालय ने दोनों को बीस बीस हजार के व्यक्तिगत बंधक पत्र व इतनी ही राशि दो दो प्रतिभू देने पर जमानत दे दी।
पंडित पारसनाथ मेमोरियल इंटर कालेज का गेट 19 अगस्त को विद्यालय में पढ़ने वाले एलकेजी के छात्र हर्ष यादव के ऊपर गिरने पर उसकी मौत हो गई थी। मामले की जानकारी होने पर मृत छात्र के परिजनों ने प्रबंधक दिलीप तिवारी एवं प्रधानाचार्य सर्वेश नारायण पांडेय के विरुद्घ देहात कोतवाली में तहरीर देकर विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया था। पुलिस ने दोनों के विरुद्घ मामला दर्ज कर सोमवार को गुरंसडी के पास से गिरफ्तार कर प्रबंधक व प्रधानाचार्य को न्यायालय में पेश किया।