मिर्जापुर। जिले के बूथों पर शनिवार को शुरू हुए दो दिवसीय मतदाता पुनरीक्षण अभियान में पहले दिन एक हजार आवेदन आए। लोगों ने मतदाता बनने के लिए बूथों पर जाकर आवेदन पत्र लिए और जमा किए। वैसे अधिकांश बूथों पर सन्नाटा ही पसरा रहा। नगर विधान सभा क्षेत्र में 186 पोलिंग सेंटर व 419 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। अधिकांश जगहों पर सन्नाटा ही पसरा रहा। सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस विशेष अभियान में शाम पांच बजे तक पूरे जिले में एक हजार आवेदन किए गए। इनमें वे मतदाता थे जिनका मतदाता पहचान पत्र किन्हीं कारणों से खो गया अथवा नहीं मिला। नवीन मतदाताओं की भी बड़ी संख्या रही। कई नवयुवक ऐसे आए जिनकी आयु एक जनवरी को 18 वर्ष हो गई थी। उन्होंने भी मतदाता बनने के लिए आवेदन किया। नगर में बरियाघाट व सुंदरघाट के साथ घंटाघर और स्टेशन रोड प्राथमिक विद्यालय स्थित बूथ में मतदाता पहचान पत्र के लिए आवेदन करने व मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए कई आवेदक आए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजितराम प्रजापति ने बताया कि पहले दिन करीब एक हजार आवेदन आए हैं।