सीखड़। क्षेत्र के गांवों में संक्रामक बीमारियोें ने पांव पसार लिए हैं। क्षेत्र के अदलपुरा आराजी लाइन, सुल्तानपुर, शीतला धाम क्षेत्र में कई लोग मलेरिया और डेंगू से पीड़ित हुए हैं। इनमें से डेंगू पीड़ित रोगियोें का इलाज वाराणसी के निजी अस्पतालों में चल रहा है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इसकी पुष्टि नहीं की है। सीएमओ ने बताया कि डेंगू पीड़ित रोगियों के बारे में उनको जानकारी नहीं है।
शीतला धाम में डेंगू से पीड़ित मरीजों में दीपक साहनी (22), सरोज साहनी (24), अन्नपूर्णा साहनी (62), राम नरेश साहनी (45), तनु साहनी (10), अमन साहनी (19) का वाराणसी के निजी अस्पतालों में चल रहा है। इसी तरह प्रीति (17), पूजा (18), अभिषेक (15), अंजलि (10), नीलम (17), बीरबल साहनी (45), हरिनाथ साहनी (50), केवला (45), बलदाऊ साहनी (40), एस राज (6) मलेरिया, टाईफाईड से पीड़ित हैं। बरसात के मौसम में संक्रामक बीमारियों के फैलने के बाद भी दवाओं का आज तक छिड़काव नहीं कराया गया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए दवाओं का छिड़काव कराने की मांग की है। इस संबंध में पूछे जाने पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि डेंगू से उक्त मरीजों के पीड़ित होने की जानकारी उन्हें नहीं है। अगर कोई मरीज आता है तो वे जांच कराएंगे। अभी तक जिले में किसी के डेंगू से पीड़ित होने की सूचना स्वास्थ्य विभाग को नहीं है।