पड़री। राष्ट्रीय राजमार्ग सात पर पड़री स्थित शिवलोक मंदिर के पास पहले खड़े ट्रक से बोलेरो टकरा गई। सुबह 11 बजे हुई इस दुर्घटना में बोलेरो सवार रघुवंश प्रताप सिंह उर्फ मुन्ना की मौत हो गई। वे भाजपा के पूर्व जिला मीडिया प्रभारी विकेश्वर प्रताप सिंह के पिता थे। हादसे की खबर लगते ही पहुंचे आसपास के ग्रामीण जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और परिजनों को सूचना दी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बबुआ का पोखरा मोहल्ला निवासी रघुवंश प्रताप सिंह उर्फ मुन्ना (55) की बेटी शालिनी सिंह बीएचयू में पढ़ती हैं। रघुवंश प्रताप की पत्नी अपनी बेटी शालिनी के साथ वाराणसी में ही रहती हैं। रघुवंश शनिवार की सुबह पत्नी और बेटी को लेनेे के लिए बोलेरो से वाराणसी जा रहे थे। करीब 11 बजे वह जैसे ही पड़री थाना क्षेत्र के शिवलोक मंदिर के निकट ढाबे के पास पहुंचे थे कि आगे पहले से खड़े ट्रक से बोलेरो टकरा गई। दुर्घटना में रघुवंश गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उनको बोलेरो से निकलवाकर अपनी निजी गाड़ी से जिला अस्पताल भेजवाया जहां चिकित्सकों ने रघुवंश सिंह उर्फ मुन्ना को मृत घोषित कर दिया। रघुवंश प्रताप सिंह भाजपा के पूर्व जिला मीडिया प्रभारी विकेश्वर प्रताप सिंह के पिता थे। इनका मंडलीय अस्पताल के पास मेडिकल स्टोर है। हादसे की खबर लगते ही भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिंह, दिनेश तिवारी, उत्तर मौर्या, दिलीप गहरवार आदि मंडलीय अस्पताल पहुंचे गए थे। बताया जाता है कि रघुवंश सिंह के केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के साथ अच्छे संबंध थेे।